गोरखपुर। होली की छुट्टी के बाद सोमवार को स्कूल, दफ्तर और बाजार खुलने से पूरे शहर में जाम लग गया। सपा के प्रदर्शन और व्यापारियों के विरोध ने स्थिति और बिगाड़ दी। पूरे दिन शहर के लोग जाम से निकलने के लिए जूझते रहे।
एसपी ट्रैफिक फेसबुक और ट्विटर पर शहरवासियों को सचेत करने में लगे रहे लेकिन इसका कोई असर नहीं दिखा।
कलक्ट्रेट में सपा नेताओं का हुजूम सुबह दस बजे से ही जुटने लगा जिसके कारण अंबेडकर चौराहा, फिराक चौराहा, शास्त्री चौक पर जाम की स्थिति खड़ी हो गई।
दोपहर दो बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद हरिओमनगर, काली मंदिर, घोष कंपनी, बेेतियाहाता में वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रांसपोर्टनगर में सराफा व्यापारियों के जाम लगाने के चलते शहर के अंदर भी जाम लग गया। ट्रैफिक सिपाही और होमगार्ड जाम हटाने के लिए दोपहर ढाई बजे तक जूझते रहे।
तेज धूप होने के कारण वह भी चौराहे से हट गए जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। एसपी ट्रैफिक डा. एसपी द्विवेदी दिन भर शहर में लगे जाम की स्थिति सोशल मीडिया पर अपडेट करने करने के साथ ही यातायात के दबाव वाले रास्ता बदलकर चलने की सलाह देते रहे लेकिन इसका कोई असर नहीं दिखा।