भारत-नेपाल सीमा सोनौली के रास्ते घुसपैठ की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सरहद के मुख्य मार्ग पर जांच के दौरान संदेह होने पर एसएसबी के जवानों ने एक युवक को हिरासत में लिया। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई और बाद में उसे छोड़ दिया गया।
बताया जा रहा है कि युवक कश्मीर का एक व्यापारी है जो काम-धंधे के सिलसिले में अक्सर नेपाल आता-जाता है। बुधवार रात सोनौली सरहद के मुख्य रास्ते पर एसएसबी भारत-नेपाल सीमा पर जारी अलर्ट को लेकर रुटीन जांच कर रही थी। इस दौरान करीब 11 बजे एक युवक को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया।
सूचना मिलते ही खुफिया एजेंसी भी सक्रिय हो गई। बंद कमरे में उससे घंटों पूछताछ हुई। युवक के पास से एक पासपोर्ट भी मिला है। जांच में पता चला कि युवक का अक्सर नेपाल और चीन आना-जाना लगा रहता है। नेपाल में वह किस जगह ठहरा था और किसके संपर्क में था, खुफिया एजेंसी ने इसकी जांच-पड़ताल करने के बाद युवक को छोड़ दिया।
सोनौली एसएसबी कंपनी कमांडर प्रकाश झा ने बताया कि संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए कश्मीरी युवक की पहचान इरशाद अहमद पुत्र गुलाम अहमद निवासी जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। वह चीन में कई बार आ-जा चुका है। उसका नेपाल में कारोबार है। वह एक मित्र की शादी में शामिल होकर वापस लौट रहा था।