बीए प्रवेश परीक्षा के महज दो दिन बाद परिणाम घोषित कर गोरखपुर यूनिवर्सिटी ने एक नया इतिहास रचा है। शनिवार को घोषित परिणाम में आकांक्षा सिंह ने पहला स्थान हासिल किया है तो दृष्टिबाधित राजन ने दूसरा स्थान हासिल कर मिसाल पेश की है। बीए प्रवेश परीक्षा 26 मई को हुई थी।
प्रवेश परीक्षा का परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट http://ddugorakhpuruniversity.in आज पर शनिवार की दोपहर जारी कर दिया गया। प्रवेश परीक्षा के परिणामों के मुताबिक पहला स्थान पाने वाली आकांक्षा सिंह ने कुल 450 अंकों में से 345 अंक अर्जित किए हैं। जबकि राजन गुप्ता और विजय कुमार पासवान ने 339 अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया है। एक दृष्टिबाधित अभ्यर्थी के रूप में राजन की इस सफलता की यूनिवर्सिटी में खासी चर्चा रही।
वहीं 336 अंकों के साथ अंकित कुमार गुप्त ने तीसरा स्थान हासिल किया है। यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने प्रवेश परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि ये प्रतिभाएं यूनिवर्सिटी की साख को कायम रखने और गुणात्मक छवि निखारने की दिशा में अपना भरपूर योगदान देंगी।
1225 ने छोड़ी बीएससी की प्रवेश परीक्षा
गोरखपुर यूनिवर्सिटी की प्रवेश परीक्षाओं के क्रम में शनिवार को बीएससी की प्रवेश परीक्षा संपन्न हुई। पहली पाली में बीएससी (गणित) में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित हुई, जिसके लिए पंजीकृत 6305 परीक्षार्थियों में 863 अनुपस्थित रहे। शाम को दूसरी पाली में बीएससी (जीव विज्ञान) की परीक्षा हुई जिसमें पंजीकृत 3069 अभ्यर्थियों में से 362 अनुपस्थित रहे।