गोरखपुर महोत्सव को लेकर तैयारियां तकरीबन पूरी हो चुकी हैं। कमिश्नर पी. गुरु प्रसाद ने एसएसपी अनंत देव और एसपी सिटी हेमंत कुटियाल के साथ बुधवार को कार्यक्रम स्थल गोरखपुर यूनिवर्सिटी का मुआयना किया। तय हुआ कि पैदल वालों को यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार से एंट्री मिलेगी, जबकि वाहन यूनिवर्सिटी के पिछले द्वार यानी हिन्दी विभाग के पास से परिसर में दाखिल कराया जाएगा। दीक्षा भवन के सामने के मैदान में वाहन स्टैंड बनाया गया है। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है। साइकिल वालों को दो रुपये, मोटरसाइकिल वालों को 5 रुपये, जबकि कार पार्किंग के लिए 10 रुपये देने होंगे।
कमिश्नर ने बताया गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो अशोक कुमार और आईजी एचआर शर्मा 29 जनवरी को सुबह 10 बजे महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। करीब दो घंटे तक चलने वाले उद्घाटन समारोह में विभिन्न स्कूलों के करीब तीन हजार बच्चे तिरंगा टोपी पहनकर देशभक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव के दौरान करीब पांच हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कमिश्नर ने बताया कि जरूरत पड़ने पर कुर्सियों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन लकी ड्रा निकाला जाएगा और समापन मौके पर मेगा लकी ड्रा होगा जिसके विजेता को मोटरसाइकिल मिलेगी।
अस्थाई पुलिस चौकी बनेगी
कमिश्नर ने बताया कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए गए हैं। यूनिवर्सिटी परिसर में अस्थाई पुलिस चौकी बनाई गई है। प्रवेश एवं निकास द्वारा पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि कई पुलिस वाले परिसर में निरंतर भ्रमण करते रहेंगे। उन्होंने चेताया कि किसी ने भी कार्यक्रम के दौरान अराजकता फैलाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को एक लाख का इनाम
कमिश्नर ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को रनिंग शील्ड के साथ एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। बेस्ट स्कूल के चयन के लिए समिति ने तीन मानक तय किए हैं।
टॉपर भी होंगे सम्मानित
महोत्सव के दौरान सत्र 2014-15 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में टॉप करने वाले यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। इन छात्रों को मेडल व प्रशस्तिपत्र के अलावा एस्प्रा की ओर से एक सिल्वर क्वाइन दिया जाएगा।
चिल्ड्रेन फिल्म फेस्टिवल भी
महोत्सव में बच्चों के लिए चिल्ड्रेन फिल्म फेस्टिवल भी होगा जिसमें उन्हें एसआरएस में छोटा भीम, द हिमालय और जुरासिक वर्ल्ड फिल्म दिखाई जाएगी। बच्चे स्कूलों के माध्यम से पिक्चर देखने आएंगे। पहला शो कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं के लिए रखा गया है।
कार्यक्रम
29 जनवरी
सुबह 10 बजे: मुख्य मंच पर उद्घाटन समारोह और एक सुर एक ताल कार्यक्रम, दीक्षा भवन में सोशल नेटवर्किंग पर परिचर्चा, संवाद भवन में संस्कृत श्लोक प्रतियोगिता, दीक्षा भवन के क्लास रूम में निबंध प्रतियोगिता, क्रीड़ा भवन में शतरंज प्रतियोगिता, कला संकाय में बैनर डिजाइनिंग और विज्ञान मेला।
दोपहर 2 बजे: कला संकाय में मेंहदी और बिना शीशे के श्रृंगार प्रतियोगिता
शाम 5बजे: भजन संध्या (अनूप जलोटा)
रात 8 बजे: भोजपुरी नाइट (कल्पना)
30 जनवरी
सुबह 10 बजे: दीक्षा भवन प्रेक्षागृह में क्वीज प्रतियोगिता, मुख्य मंच पर पेंटिंग प्रतियोगिता, दीक्षा भवन के क्लास रूम में क्यूब्स और क्रीड़ा भवन में शतरंज प्रतियोगिता, कला संकाय में विज्ञान मेला, मुख्य मंच पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
दोपहर 12 बजे: मुख्य मंच पर देश भक्ति गीत और लोक गीत प्रतियोगिता
दोपहर 2 बजे: बिना आग के भोजन और फ्लावर डेकोरेशन प्रतियोगिता
शाम 4 बजे: मुख्य मंच पर नृत्य प्रतियोगिता (प्राइमरी वर्ग)
शाम 6 बजे:मुख्य मंच पर नृत्य प्रतियोगिता (सीनियर वर्ग)
रात 8 बजे: मुख्य मंच पर कॉमेडी नाइट
31 जनवरी
सुबह 10 बजे: बैडमिंटन हॉल में शतरंज प्रतियोगिता
दोपहर 2 बजे: कला संकाय में रंगोली और दीक्षा भवन के प्रेक्षा गृह में नृत्य प्रतियोगिता
सुबह11 बजे: मुख्य मंच पर गोरखपुर गॉट टैलेंट
दोपहर 4 बजे: मुख्य मंच पर इंद्रधनुष कार्यक्रम
शाम 5 बजे: दीक्षा भवन के प्रेक्षागृह में रंग मंच
शाम 7 बजे: मुख्य मंच पर एबिलिटी अनलिमिटेड
रात 9 बजे: मुख्य मंच पर कवि सम्मेलन और मुशायरा
एक फरवरी
सुबह 10 बजे: दीक्षा भवन के प्रेक्षा गृह में बच्चों के इंटरनेट इस्तेमाल पर अभिभावकों की रोक विषय पर चर्चा, संवाद भवन में स्पेलिंग प्रतियोगिता और मुख्य मंच पर गोरखपुर गॉट टैलेंट
दोपहर 12 बजे: मुख्य मंच पर पुरस्कार वितरण
शाम 7 बजे: मुख्य मंच पर बॉलीवुट नाइट
मनोरंजन के बीच सेहत की जांच
गोरखपुर महोत्सव में आब्स एवं गायनी सोसाइटी सेहत की जांच करेगी। मेले में दो स्टाल महिला डॉक्टरों की ओर से लगाए जाएंगे। इनमें थॉयराइड और हीमोग्लोबिन की जांच होगी। संस्था की अध्यक्ष डॉ. मधु गुलाटी व सचिव डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने प्रेस वार्ता में बताया कि दो यूथ कनेक्ट स्टाल भी लगाए जाएंगे। युवाओं की शारीरिक, मानसिक व सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने के साथ ही एड्स से सावधानी और जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक डॉक्टर स्टाल पर रहेंगी। महिलाओं को स्तन कैंसर, बच्चेदानी कैंसर की अग्रिम पहचान के बारे में भी बताया जाएगा। इसके अलावा हीमोग्लोबिन, थॉयराइड, हड्डी से संबंधित जांच भी होगी। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। बदलते परिवेश को देखते हुए शादी व गर्भाधारण में आ रही समस्या व प्रजनन क्षमता की जटिलताओं से संबंधित नुक्कड़ नाटक भी होगा। शहर की ख्यातिप्राप्त डॉक्टर इस दौरान मौजूद रहेंगी।