गोरखपुर यूनिवर्सिटी की गृह विज्ञान विभाग की छात्राएं पाक कला के व्यवसायिक इस्तेमाल का हुनर सीख रही हैं। गृह विज्ञान विभाग एवं जिला उद्यान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में उन्हें रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें बेकरी से लेकर कॉन्टिनेंटल जायके का नुस्खा उन्हें सिखाया जा रहा है। एक महीने के शॉर्ट टर्म कोर्स में उन्हें कई तरह के पकवान तैयार करना सिखाया जा रहा है।
गृह विज्ञान विभाग की छात्राएं अपने नियमित कोर्स के तहत सामान्य बेकरी के व्यंजन बनाना सीखती हैं। लेकिन अब बेकरी और दूसरे व्यंजनों को रोजगार की दृष्टि से पकाने के तरीके छात्राओं को सिखाए जा रहे हैं। कोर्स के शुरुआती चरण में बेकरी सजाने और उसे व्यवसायिक तौर पर कैसे तैयार किया जाता है, इसके बारे में बताया गया है, जबकि दूसरे चरण में चाइनीज, थाई, मैक्सिकन, इटालियन आदि विदेशी जायके तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
विभागाध्यक्ष प्रो. दिव्या रानी सिंह ने बताया कि भारत सरकार के स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत यह कोर्स चलाया जा रहा है। औद्यानिकी विभाग के विशेषज्ञों से छात्राओं को काफी कुछ सीखने को मिल रहा है। कोर्स में बीए और बीएससी की 50 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी को सर्टिफि केट प्रदान किए जाएंगे।