नेपाल की पहाड़ियों से निकलने वाली नारायणी गंडक नदी पर बाढ़ सुरक्षा के लिहाज से बनाए गए अंतर्राष्ट्रीय तटबंध बीगैप और नेपाल बांध के बाढ़ बचाव कार्य का जायजा गंगा फ्लड कंट्रोल कमेटी लखनऊ के डायरेक्टर ने लिया।
उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय तटबंधों का निरीक्षण किया और मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी 14 परियोजनाओं का काम निर्धारित समय में पूरा करा लें।
सोमवार की सुबह करीब दस बजे नेपाल स्थित अंतर्राष्ट्रीय तटबंध बीगैप पहुंचे जीएफसीसी के डायरेक्टर विवेक पाल और डिप्टी डायरेक्टर अजीत कटारिया ने सबसे पहले बीगैप की ठोकर संख्या 10, 11, 12 और अति संवेदनशील ठोकर संख्या 13 का निरीक्षण कर अवर अभियंताओं से जानकारी ली।
बाढ़ सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए नियमित तटबंधों की निगरानी का निर्देश दिया। इसके बाद नेपाल बांध पहुंचे डायरेक्टर ने ठोकर संख्या तीन और पांच का निरीक्षण किए।
उन्होंने अधिशासी अभियंता सिचाई खंड दो धर्मेंद्र कुमार सिंह से अंतर्राष्ट्रीय तटबंधों से जुड़ी सभी 14 परियोजनाओं की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी लेने के साथ ही कार्य की गुणवत्ता को भी देखा। इसके साथ ही नेपाल में बन रहे पांच नए पुल के निर्माण के बावत जानकारी ली और सभी जेई को कार्य में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया।
इस दौरान एसडीओ सुनील शाही, अनिल सिंह, अवर अभियंता आरएन तिवारी, अशोक प्रसाद देव, मोहम्मद शरीफ, रविंद्र यादव, राजेश पांडेय, राजेश मिश्रा, बसंत यादव, एनपी सिंह आदि मौजूद रहे।