उद्योगपति चंद्र प्रकाश के सुरक्षा गार्ड ने किशोर को मारी गोली, हालत नाजुक
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। खेल के दौरान क्रिकेट की गेंद तलाशने के लिए सोमवार को गैलेंट इस्पात के प्रबंध निदेशक (एमडी) चंद्र प्रकाश अग्रवाल उर्फ चंदू बाबू के आवास की बाउंड्री पर चढ़े एक किशोर अरविंद चौहान को उनके सुरक्षा गार्ड संदीप कुमार सिंह ने गोली मार दी। गोली किशोर के सिर में लगी है। डॉक्टरों के मुताबिक बीआरडी मेडिकल कॉलेज से केजीएमयू लखनऊ रेफर किए गए किशोर की हालत चिंताजनक है। वारदात के बाद सुरक्षा गार्ड फरार हो गया। किशोर के पिता का दावा है कि उद्योगपति अग्रवाल ने अपने सुरक्षा गार्ड को ललकार कर उसके बेटे को गोली मरवाई है। हालांकि पुलिस ने केवल सुरक्षा गार्ड के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
महज बाउंड्री पर चढ़ने पर किशोर को गोली मारने से खफा आसपास के ग्रामीण सड़क पर उतर आए और आरोपित प्रबंध निदेशक के घर के बाहर जमकर हो-हल्ला किया। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिहाज से उद्योगपति के आवास के बाहर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक घायल किशोर अरविंद चौहान (16) पुत्र संतराज, लच्छीपुर जब्ती टोला का रहने वाला है। आरोपित सुरक्षा गार्ड संदीप कुमार सिंह की वारदात में इस्तेमाल दुनाली बंदूक और कारतूस जब्त कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी हुई हैं।
घटना के बारे में पता चला है कि सोमवार, अपराह्न 4.45 बजे अरविंद अपने दोस्तों के साथ सड़क पर ही क्रिकेट खेल रहा था। इसी बीच एक खिलाड़ी ने शॉट मारा तो गेंद गैलेंट इस्पात के प्रबंध निदेशक के आवास में चली गई। अरविंद गेंद ढूंढने के लिए उद्योगपति की बाउंड्री पर चढ़ गया, वह गेंद देखने की कोशिश कर रहा था कि सुरक्षा गार्ड संदीप ने दुनाली बंदूक से उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली सीधे अरविंद चौहान के सिर में लगी और वह बाउंड्रीवाल के नीचे गिर पड़ा। यह देख आसपास के लोग भागकर वहां पहुंचे तो देखा कि वह गंभीर रूप से जख्मी जमीन पर पड़ा था। गोली के छर्रे, उसकी आंख समेत शरीर के कई अन्य हिस्सों को जख्मी कर गए थे। इस बीच वहां आस-पास के तमाम लोग जमा हो गए। मामला बिगड़ता देखकर सुरक्षा गार्ड मौके से भाग निकला। डॉक्टरों के मुताबिक गोली अरविंद के सिर में लगी है। खून काफी बह चुका है। उसकी हालात चिंताजनक बनी हुई है, इसलिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उद्योगपति का आवास घेर लिया। इसकी की सूचना पाकर गोरखपुर, कैंपियरगंज और तिवारीपुर थाने की पुलिस फोर्स मौके पहुंची। छानबीन हुई तो सुरक्षा गार्ड की बंदूक और कारतूस उद्योगपति के आवासीय परिसर में ही मिल गई।
चंदू बाबू ने मरवाई गोली, दर्ज हो मुकदमा: पिता
गोली से घायल अरविंद के पिता संतराज ने गोरखनाथ पुलिस को तहरीर दी है। संतराज का आरोप है कि गैलेंट इस्पात के मालिक ने ललकार कर अपने सुरक्षा गार्ड से गोली मरवाई है। उन्होंने गालियां भी दी। इस मामले में सुरक्षा गार्ड के साथ ही चंद्र प्रकाश अग्रवाल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।
तीसरी गेंद ढूंढने गए तो मिली गोली
उद्योगपति के घर के पास सड़क पर अरविंद व उसके सात दोस्त क्रिकेट खेल रहे थे। बल्ले से टकराने के बाद दो गेंद पुराने कारखाने में चली गई। यह कारखाना उनके आवासीय परिसर से सटा हुआ है। इसके बाद दोस्तों ने मिलकर तीसरी गेंद खरीदी और खेलने लगे। तीसरी गेंद आवासीय परिसर में चली गई। अरविंद के साथ क्रिकेट खेल रहे आशुतोष ने बताया कि गेंद तलाशने के लिए तीन दोस्त गए थे। दो दोस्त कारखाने का गेट फांदकर अंदर चल गए। अरविंद उनके घर की बाउंड्रीवाल पर खड़ा था। इसी बीच सुरक्षा गार्ड ने गोली चला दी। गोली अरविंद को लगी तो कारखाना के अंदर गए दो दोस्त भी भागकर बाहर आ गए। क्रिकेट मैच चार बजे से हो रहा था। चार-चार दोस्तों की अलग-अलग टीम बनी थी।
अरविंद ही उठा रहा पूरे परिवार का खर्च
अरविंद के परिवार में माता-पिता के अलावा चार बहनें और एक भाई है। घर का ज्यादातर खर्च अरविंद ही चला रहा था। विश्व भारती स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद अरविंद ने बीए फर्स्ट ईयर में दाखिले का फैसला किया। सोमवार को दाखिले का फार्म भी जमा किया था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद अरविंद सब्जी की दुकान लगाने लगा। इस काम में पिता संतराज, नेबुला देवी और भाई रोहित भी मदद करते हैं।
चंद्र प्रकाश अग्रवाल उर्फ चंदू बाबू, प्रबंध निदेशक गैलेंट इस्पात
गार्ड संदीप ने किशोर को गोली मारी थी, इसके प्रत्यक्षदर्शी हैं। बंदूक और कारतूस बरामद कर ली गई है। मामले में एफआईआर दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना गंभीर है। हर पहलू की जांच होगी। घटना के बाद ग्रामीण उत्तेजित हो गए थे। सबको समझाकर मामला शांत कराया गया है। आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
डॉ. सुनील गुप्ता, एसएसपी