वेबसाइट बनाने वाले इंजीनियरिंग के छात्र।
- फोटो : Amar Ujala
शहर के चार युवाओं ने माईगोरखपुर नाम से एक वेबसाइट बनाई है। यह ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां किराए के मकान, टैक्सी समेत एक्सपर्ट से मिलने की सुविधा भी मिलेगी। नए लोगों को यह वेबसाइट टॉप टेन स्कूल, कॉलेज की जानकारी देगी तो वहीं अच्छे अस्पताल भी सुझाएगी। वेबसाइट पर घूमने-फिरने के लिए सर्वश्रेष्ठ दस स्थान भी चिह्नित हैं। पढ़ाई और परीक्षा की तैयारियों के बीच ये युवा वेबसाइट को समृद्ध करने में जुटे हुए हैं।
इरफान आदिल, खुशल आदिल, दुर्गेश कुमार और आशीष त्रिपाठी ने अपनी तकनीकी शिक्षा का इस्तेमाल कर mygorakhpur.co.in नाम से वेबसाइट तैयार की है। इरफान, खुशल और दुर्गेश ने हाल ही में बीटेक किया है तो वहीं आशीष अभी इंजीनियरिंग कर रहे हैं। शहर के एक कोचिंग सेंटर में चारों साथ ही तैयारी करते हैं। इरफान बताते हैं कि एक दिन आपसी चर्चा में शहर के टॉप 10 स्कूलों का जिक्र उठा तो हममें से किसी के पास इसकी जानकारी न निकली। बात बढ़ी तो होटल, हॉस्पिटल के मामले में भी यही हुआ। हमें लगा कि हमारी तरह काफी लोग अपने शहर को सही से नहीं जानते। ऐसे में दूरदराज से यहां आने वालों का क्या कहना। यहीं से आइडिया आया कि क्यों न एक ऐसी वेबसाइट बनाएं जो शहर की खासियत के साथ-साथ तमाम उपयोगी चीजें भी अपने आप में समेटे। इसी के तहत हमने माईगोरखपुर वेबसाइट लांच करने की ठानी।
वेबसाइट बनकर तैयार है अब इसे सूचनाओं एवं सुविधाओं से पूरी तरह लैस करने पर काम चल रहा है। इस पर यात्रा के लिए वाहन से लेकर रहने के लिए मकान बुक कराने की सुविधा भी मिलेगी। वेबसाइट पर घूमने-फिरने के लिए शहर की चुनिंदा दस जगहों की जानकारी मिलेगीञ वहीं होटल से लेकर एक्सपर्ट भी हायर कर सकेंगे। यहां लोगों को खुद की वेबसाइट बनवाने की भी सुविधा दी गई है। सुविधा एवं सुझाव को लेकर लोग अपने सवाल भी यहां दर्ज करा सकेंगे। इतना ही नहीं शहर के प्रतिष्ठित लोगों एवं प्रमुख अधिकारियों का मोबाइल नंबर भी यहां से हासिल किया जा सकता है।