10 टन विदेशी मटर जब्त, ट्रक सहित चालक गिरफ्तार
निचलौल। थाना क्षेत्र के चंदा गुलरभार के पास पुलिस ने रविवार सुबह ट्रक सहित 200 बोरी लगभग 10 टन विदेशी मटर जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की चालक की पहचान बिहार के चंपारण जिला निवासी राजेश कुशवाहा के रूप में की गई है। उधर, ट्रक में सवार अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गए। बरामद मटर की कीमत 15 लाख के आसपास बताई जा रही है। चालक की निदेशानदेही पर पुलिस ने सात लोगों को नामजद किया है।
इंस्पेक्टर बिहागड़ सिंह यादव ने बताया कि सूचना मिली कि विदेशी मटर नेपाल से नाव के जरिए नारायणी नदी के रास्ते जिला कुशीनगर के खड्डा स्थित भैंसहा घाट पर उतारा गया है, जहां से ट्रक के जरिए महराजगंज जिले के निचलौल थाना की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल खड्डा नहर मार्ग स्थित गांव चंदा गुलरभार के पास बेरिकेडिंग कर एक संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 10 टन विदेशी मटर बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी चालक राजेश कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। वह राजपुर सोहरिया थाना बाल्मीकि नगर जिला पश्चिमी चंपारण बिहार का रहने वाला है। पुलिस ने बरामद विदेशी मटर व ट्रक को सीज कर दिया है।
आरोपी चालक ने किया खुलासा
पूछताछ में आरोपी ट्रक चालक ने बताया कि यह मटर नाव से नारायणी नदी के घाट भैंसहा पर उतारा गया था। उसे मटर को निचलौल थाना क्षेत्र के एक कस्बे में पहुंचाना था।
पुलिस ने सात लोगों को किया नामजद
पुलिस ने आरोपी राजेश की निशानदेही पर श्रीनिवास सिंह, ओमप्रकाश जायसवाल निवासी बेलवानी नेपाल, राम औतार बेलाटारि नेपाल, मोती निवासी महेशपुर नेपाल, वीरेंद्र गुप्ता निवासी गडौरा कोतवाली ठूठीबारी, बहादुर यादव निवासी बहुआर लाइन टोला, नरसिंह यादव ओरहवा थाना निचलौल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।