बिजली का तार टूटने की वजह से दो सब स्टेशनों से जुड़े सैकड़ों उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ा। तकरीबन चार घंटे की मशक्कत के बाद बिजली विभाग इस खराबी को दूर कर सका।
रविवार को दोपहर एक बजे बगहा मंदिर से आगे 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूट कर गिर गया। तार टूटने की वजह से रुस्तमपुर और रानीबाग सब स्टेशन से की जाने वाली आपूर्ति को बंद करना पड़ा। इसकी वजह से सब स्टेशन से जुड़े सैकड़ों घरों की बिजली गुल हो गई। जिनके घरों में इनवर्टर था, उन्हें तो थोड़ी राहत थी, लेकिन अधिकांश लोग गर्मी से बेहाल हो गए। इस बीच बिजली विभाग की टीम हाईटेंशन तार को जोड़ने में जुट गई।
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शाम पौने पांच बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। रुस्तमपुर के जेई अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि हाईटेंशन तारों के आपस में टकराने की वजह से फॉल्ट हुआ था, जिसकी वजह से शटडाउन लेना पड़ा था। इसके अलावा कूड़ाघाट, नंदानगर आदि इलाकों में भी दोपहर में बिजली गुल रहने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
जर्जर तार बन रहे फाल्ट की वजह
गोरखपुर। आजाद चौक से बगहा बाबा मंदिर के बीच बिजली के तार 25-30 साल पुराने हैं। इस वजह से अक्सर तार टूटने की घटना होती है। इस संबंध में सब स्टेशन की ओर से कई बार प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को दिया गया है, इसके बाद भी जर्जर तारों को नहीं बदला गया है, जबकि सामान्य तौर पर बिजली के तारों की उम्र 15 से 20 साल ही मानी जाती है। अवर अभियंता अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि संभवत: स्काडा योजना के तहत इन तारों को बदला जाएगा।
लालडिग्गी में भी आठ घंटे गुल रही बिजली
गोरखपुर। स्काडा योजना के तहत लालडिग्गी इलाके में तारों को बदलने का काम हो रहा है। इसके तहत यहां दिन में 11 बजे से शाम पांच बजे तक के लिए शटडाउन लिया गया, लेकिन तार बदलने के बाद जब शटडाउन लिया गया तो मोटर आदि में करंट उतरने लगा। इसके बाद फिर से शटडाउन लेकर इसकी जांच की गई। गड़बड़ी दुरुस्त करने के बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी। तकरीबन आठ घंटे बिजली गुल रहने से लोगों को पानी की दिककत का सामना करना पड़ा।