नवजात को मुंह में दबाए घूमता रहा कुत्ता
- फोटो : अमर उजाला
औलाद के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते, कहां-कहां मत्था नहीं टेकते, लेकिन पडरौना शहर में एक नवजात का शव मुंह में दबाए एक कुत्ता मंगलवार को सुबह शहर में घूमता रहा। लोग उसे देखते रहे, लेकिन कोई उस नवजात को कुत्ते से छुड़ाने वाला नहीं था।
बाद में कुछ युवकों ने उस कुत्ते को घेर लिया। तब कुत्ता उस नवजात के शव को छोड़कर भाग निकला। अन्यथा कुत्ता उसे अपना निवाला बना चुका होता। यह मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुशीनगर जिले के पडरौना शहर के गंगीराम मंदिर मोहल्ला के निवासी अरविंद वर्मा, सोनू साहा, गोविंद, शंकर, सुमित, जयराम वर्मा, बंटी आदि ने बताया कि मंगलवार को एक कुत्ता नवजात को मुंह में दबाए नगर के मेन रोड पर घूम रहा था।
घटना को देखकर लोग दंग रह गए। नवजात किसका था, यह किसी को पता नहीं था। लोग यही संभावना जता रहे थे कि किसी महिला ने बच्चे को जन्म देने के बाद लावारिस हाल में फेंक दिया था, जिसकी वजह से कुत्ता नवजात को पाया और फिर मुंह में दबाकर घूम रहा था। बाद में लोगों ने घेरकर कुत्ते से नवजात को बचाया, लेकिन तब तक नवजात की मौत हो चुकी थी।