ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेन 2019 में एकेडमिक हाइट्स स्कूल जंगलधूसड़ के छात्र हिमांशु गौरव सिंह ने 100 परसेंटाइल मार्क्स हासिल करके शहर का मान बढ़ाया है। हिमांशु का नाम देश के 15 मेधावियों की सूची में शामिल है। यूपी से महज दो छात्रों को 100 परसेंटाइल मार्क्स मिले हैं। अब हिमांशु सहित अन्य विद्यार्थी आईआईटी में दाखिले के लिए प्रस्तावित ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) एडवांस का आवेदन फार्म भरेंगे, फिर पेपर देंगे।
एडवांस में सफलता के बाद ही आईआईटी में दाखिला मिलेगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने पहली बार जेईई मेन का ऑनलाइन पेपर कराया था। इसके नतीजे शनिवार को देरशाम जारी कर दिए गए। एनटीए ने 15 टॉपरों के जो नाम जारी किए हैं, उसमें गोरखपुर के हिमांशु गौरव सिंह और कानपुर के नमन गुप्ता का नाम भी है। 12वीं की पढ़ाई कर रहे हिमांशु ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है।
इससे हिमांशु की मां रूपा सिंह (गृहणी), पिता और राजकीय पॉलिटेक्निक कौशांबी में इलेक्ट्रानिक्स इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष लवकुश सिंह, छोटे भाई अंशुमान ने खुशी जताई है। अंशुमान भी एकेडमिक हाइट्स स्कूल में कक्षा नौ के छात्र हैं। हिमांशु ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के साथ स्कूल के निदेशक राजेश कुमार, संजीव कुमार और करुणा भदानी को दिया है। उनका कहना है कि आईआईटी से बीटेक करने का इरादा है। अब जेईई एडवांस का पेपर देंगे। यदि ओलंपियाड में सफलता का क्रम जारी रहा तो अच्छे विदेशी विश्वविद्यालय से भी पढ़ाई कर सकते हैं।
हिमांशु का स्कोर कार्ड
विषय मिले परसेंटाइल
मैथमेटिक्स 100
फिजिक्स 99.99
केमिस्ट्री 99.99