शहर में खुले आम बिक रहा कटा हुआ फल।
- फोटो : rajesh kumar
गर्मी बढ़ने के साथ ही कटे हुए फल खुले आम बिकने लगे हैं। लोग राहत पाने के लिए इनका सेवन भी कर रहे हैं मगर इसके खतरों से अंजान हैं। हालांकि इसे लेकर बीते 13 अप्रैल को ही सीएमओ ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी को पत्र लिखा है। पत्र के जरिए उन्होंने संक्रामक रोगों का हवाला देते हुए बिक्री पर रोक लगाने को कहा है। मगर अब तक इस पर कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है।
इन दिनों गर्मी के साथ ही धूल उड़ने की वजह से खुले में बिक रहे फल दूषित हो जाते हैं, जिसका सेवन करने के बाद लोग डायरिया की चपेट में आ जा रहे हैं। जिला अस्पताल और संक्रामक रोग अस्पताल में मिलाकर डायरिया से पीड़ित मरीजों की संख्या 100 पार कर चुकी है।
रोजाना ही ओपीडी और इमरजेंसी में आने वाले मरीज उल्टी, दस्त की शिकायत कर रहे हैं। खुद सीएमओ भी इस बात को स्वीकार कर रहे हैं और वक्त रहते ही उन्होंने जिम्मेदार अफसर को चेताया भी है। मगर कार्रवाई न शुरू होने से उनका आदेश का अब तक कोई असर देखने को नहीं मिला है।
दूषित होने से होता है नुकसान
बाजार में खुले में बिक रहे कटे हुए फलों पर धूल व अन्य वायरस चिपक जाते हैं, जिसका सेवन करने पर लोगा बीमार हो रहे हैं। साथ ही इस समय शादियों का भी दौर चल रहा है। इसमें भी खाने में सावधानी बरतनी चाहिए। संभव हो तो घर पर ही शुद्ध और साफ खाना खाए।
- डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक