फोटो समाचार...
---
मेहरौना में पकड़ी गई शराब लदी दो ट्रक, चार गिरफ्तार
दोनों ट्रकों से 35 लाख रुपये की 470 पेटी शराब बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
मेहरौनाघाट। बिहार बार्डर पर शनिवार को फिर दो ट्रक शराब पकड़ी गई है। हरियाणा निर्मित शराब को बिहार ले जाया जा रहा था। वाहन चेकिंग के दौरान मेहरौना पुलिस को कामयाबी मिली। दोनों ट्रकों से करीब 470 पेटी शराब मिली है। इसकी कीमत 35 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने दोनों ट्रकों के चालक-खलासी को भी गिरफ्तार किया है।
लार थाना के मेहरौना चौकी प्रभारी एसओ राकेश पांडेय, कांस्टेबल दिव्यशंकर राय, दीपक यादव, धीरज तिवारी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच एक ट्रक आकर रुकी। नीचे ट्रक खाली दिख रही थी। पुलिसकर्मी ने ट्रक पर चढ़कर देखा तो लोहे की चादरों के नीचे केबिन बनाकर शराब की पेटियों को छिपाया गया था। कुछ ही देर में एक अन्य ट्रक भी पहुंची। उसमें भी ऐसे ही शराब रखी गई थी। दोनों के चालक और खलासी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने सच बताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि हरियाणा से कुल 10 ट्रक गोरखपुर के कुसम्ही के पास हाईवे से उतर कर खड़ी थीं। उन्हें छपरा पहुंचाने को कहा गया। पहले ट्रक के चालक की पहचान आगरा जिले के लाइन थाना के बड़ाई गांव निवासी दीपक कुमार व खलासी मेरठ जिले के सिटी थाना के शक्तिनगर निवासी नवीन, दूसरा चालक हरियाणा प्रांत के भिवानी जिले के कुंडैल निवासी राजकुमार व खलासी डीसी कॉलोनी भिवानी निवासी लल्लन के रुप में हुई। इस बाबत प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश पांडेय ने कहा कि एक ट्रक 185 पेटी कैसीनो प्राइड व दूसरे से 285 पेटी इपेरियल ब्लू बरामद हुई। दोनों ट्रक से बरामद शराब की अनुमानित कीमत 35 लाख है।
मेरे ट्रकों को छोड़ दो, खाते में पैसा भेज दूंगा
पकड़े गए एक चालक के मोबाइल पर तस्कर ने फोन किया। इसी बीच एक सिपाही ने फोन ले लिया। तस्कर ने उससे कहा कि लार थाने का कोई बैंक एकाउंट हो तो बताओ। खाते में सीधे पैसे ट्रांसफर कर दूंगा। मेरी गाड़ियों को डिस्टर्ब न करो। सिपाही ने कहा कि आप यहीं आ जाओ। यह सुनकर मुख्य तस्कर ने फोन काट दिया।