ट्रेन की चपेट में आकर रेलकर्मी की मौत
संतकबीरनगर। चुरेब रेलवे स्टेशन के पूर्वी क्रॉसिंग से 150 मीटर आगे बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से रेलकर्मी की मौत हो गई। सूचना के बाद जीआरपी के चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लिया।
चौकी इंचार्ज बिजय बहादुर यादव ने बताया कि गेटमैन ने सूचना दी कि एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। सूचना पर वह आरपीएफ के चौकी प्रभारी श्याम राज के साथ मौके पर पहुंचे। जहां शव की पहचान कीमैन जैनेंद्र शर्मा (39) पुत्र राम सूरत शर्मा निवासी रूपापुर अफीम की कोठी थाना मकंदरूगंज जिला प्रतापगढ के रूप में हुई। पीड़ित परिजनों को सूचना देने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।