गोरखपुर। कौड़ीराम में सोमवार की रात मॉडल शॉप में सो रहे मुनीम को बंधक बनाकर डकैतों ने 70 हजार रुपये और 10 बोतल शराब लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद डकैत मुनीम का हाथ - पैर बांधकर फरार हो गए। भोर में पहुंचे साथी ने मुनीम के हाथ-पैर खोलने के साथ ही सूचना पुलिस को दी।
कौड़ीराम प्रतिनिधि के अनुसार गगहा, गांगूपार के रहने वाले कमलेश का कौड़ीराम में मॉडल शॉप है। इसका लाइसेंस उनकी पत्नी शशिकला के नाम से है। गोला, बेदौली बाबू के रहने वाले विजय नारायण सिंह, पांडेयपार के रहने वाले दिलीप सिंह यहां पर मुनीम का काम करते हैं। सोमवार की रात 10 बजे मॉडल शॉप बंद होने के बाद दिलीप घर चले गए। विजय नारायण अंदर से ताला बंद कर दुकान के अंदर ही सोए थे। रात करीब दो बजे दस की संख्या में पहुंचे डकैतों ने राड से चैनल में अंदर से बंद ताला तोड़ दिया।
आहट पाकर विजय नारायण ने मोबाइल से कमलेश के पास फोन मिलाया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। अंदर पहुंचे डकैतों ने मोबाइल छीनकर स्वीच ऑफ करने के साथ ही विजय नारायण नारायण की पिटाई कर हाथ-पैर बांधकर कैश बॉक्स में रखा 70 हजार रुपये और 10 शराब की बोतलें लूट ली। वारदात के बाद डकैत भाग निकले। भोर में नींद खुलने के बाद कमलेश की नजर विजय नारायण के कॉल पर गई। उन्होंने फोन मिलाया तो बंद मिला। भोर में साढ़े चार बजे पहुंचे दिलीप ने साथी की रस्सी खोलकर घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम के साथ ही कमलेश को दी। सुबह दस बजे थाने पहुंचकर मुनीम ने तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।