विक्रम की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : amar ujala
राजघाट के अमुरतानी में ससुराल गए युवक को पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर जिंदा जला दिया। जान बचाने के लिए वह नदी में कूद गया। वहां से उसे निकालकर लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। युवक की मां ने पुलिस को बेेटे को जलाकर मारने की तहरीर दी है। वारदात के बाद युवक की पत्नी फरार है।
शाहपुर के पादरी बाजार निवासी विक्रम (35) की शादी सात साल पहले राजघाट के अमुरतानी निवासी कांति देवी से हुई थी। दोनों के दो बच्चे सात साल का बेटा सूर्यांश और पांच साल का मंटू है। एक महीने पहले कांति मायके चली गई थी। पांच दिन पहले विक्रम उसे बुलाने गया पर वह ससुराल जाने को तैयार नहीं थी। बृहस्पतिवार की दोपहर इसी को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
आरोप है कि इसके बाद कांति ने अपने प्रेमी को बुला लिया और उसके साथ मिलकर विक्रम पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। जान बचाने के लिए विक्रम बगल में स्थित राप्ती नदी में कूद गया। शोर सुनकर जुटे लोगों ने उसे बाहर निकालकर गंभीर हाल में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचीं विक्रम की मां लक्ष्मी ने बेटे को जलाकर मारने की राजघाट पुलिस को तहरीर दी। पुलिस छानबीन कर रही है। विक्रम मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाता था, जबकि उसकी मां पादरी बाजार चौराहे पर फल का ठेला लगाती हैं।
ससुराल वालों ने खुद जलने की कह रहे बात
कांति के घरवालों ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। मामला बढ़ने पर विक्रम ने आत्महत्या का प्रयास किया। उसने खुद को आग लगा ली और फिर नदी में कूद गया। उसे बचाने की कोशिश में कांति का भी हाथ झुलस गया।
पहले युवक के खुद जलकर मरने की सूचना मिली थी। बाद में परिवार के लोगों ने बहू पर प्रेमी के साथ मिलकर जलाने का आरोप लगाया। राजघाट इंस्पेक्टर को मामले की जांच सौंपी गई है।
- हेमराज मीणा - एसपी सिटी