घरवालों से मिलने आई थी, लेकिन कभी वापस नहीं लौैटी
- फोटो : demo pic
चौरीचौरा थाना क्षेत्र के तिलौली गांव में बुधवार की सुबह एक महिला की जलने से मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, महिला के भाई ने आरोप लगाया है कि दहेज के 50 हजार रुपये बकाए थे जिसे न देने पर बहन को जलाकर मार दिया गया।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के मुताबिक महुवा बुजुर्ग गांव निवासी कोल्ही गौड़ की बेटी गीता (24) की शादी तिलौली गांव के संजय गौड़ के साथ चार साल पहले हुई थी। भाई दीपक के मुताबिक दहेज में सुसराल वालों ने दो लाख नकद, दो अंगूठी और एक मोटरसाइकिल की मांग की थी। सब कुछ दिया गया था लेकिन नकद में 50 हजार रुपये बाद में देने का वादा किया गया था। आर्थिक तंगी की वजह से हम रुपये नहीं दे पा रहे थे जिस वजह से आए दिन बहन गीता को प्रताड़ित किया रहा था। इस बीच बुधवार की सुबह गीता की मौत हो गई।
मौत के बाद ससुराल वालों ने खबर तक नहीं दी। मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने हमें जानकारी दी है। उधर, ससुराल वालों का कहना है कि गीता खाना बनाते समय जली। चौरीचौरा के थानेदार सदानंद सिंह का कहना है कि मामले को संदिग्ध देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस आगे कार्रवाई करेगी।