दो दिन पहले डेयरी मालिक से लूट की कोशिश के दौरान राहगीरों की मदद से पकड़ा गया बदमाश कैंट थाने से फरार हो गया। बुधवार की सुबह वह शौच के बहाने शौचालय की ओर गया और सिपाही को चकमा देकर भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अफसर सक्रिय हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी गई। हालांकि देर शाम तक पुलिस को बदमाश का कोई सुराग नहीं मिल सका। उधर, अफसर भी जहां एक ओर पुलिस की कार्यप्रणाली से खफा हैं वहीं बदमाश की लिखा-पढ़ी न होने पर आ रही कानूनी पेंच से परेशान भी।
पकड़े गए बदमाश से पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच के अफसर पूछताछ कर रहे थे। बुधवार की सुबह वह शौच जाने की बात कहकर लॉकअप से निकला था। इसी दौरान सिपाही को चकमा देकर वह फरार हो गया। उसकी फरारी से ही सिपाहियों से लेकर अफसरों तक में हड़कंप मचा है। एहतियातन रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन समेत सभी टैक्सी स्टैंडों पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं ताकि उसकी गिरफ्तारी हो सके। पुलिस ने कुछ शातिर और अपराधियों के मददगारों पर भी निगाहें लगा रखी है।
बता दें कि सोमवार को मोहद्दीपुर में सरेराह बाराबंकी, रामस्नेहीघाट कोटवा के निवासी और डेयरी मालिक दीपू वर्मा के साथ लूट की कोशिश हुई थी। वह पिकअप से रोजाना ही खलीलाबाद और गोरखपुर के असुरन में दूध की सप्लाई लेकर खुद के पिकअप से आते हैं। सोमवार को दीपू के साथ मोहद्दीपुर में असलहा दिखाकर लूट की कोशिश कर रहे एक बदमाश को कर्मचारियों ने पकड़ लिया था, जबकि अन्य बदमाश फरार हो गए थे। पकड़े गए बदमाश से पुलिस ने पूछताछ की तो कई बड़े नाम भी सामने आए।
पुलिस सूत्रों की मानें तो पकड़े गए आरोपी के तार बड़े गैंग से जुड़े थे। उसकी तलाश में गैर जनपद में छापेमारी भी की जा रही थी। पकड़े गए बदमाश की पहचान अंबेडकर नगर जिले के रहने वाले के रूम में हुई थी। साथ ही यह भी जानकारी मिली थी कि वह वहां हुई कई बड़ी लूट में शामिल रहा है।