कैंपियरगंज इलाके के रामचौरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर रजाई में लिपटी गला रेतकर फेंकी गई महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव देखकर महिला के साथ हुई निर्ममता का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता था। हत्यारे ने महिला की बाई आंख फोड़ दी थी और दाहिना हाथ भी तोड़ दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मौजूद लोगों से शिनाख्त की कोशिश की, मगर पहचान नहीं हो सकी।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक सोमवार सुबह मार्निंग वॉक पर निकले लोगों ने रेलवे ट्रैक पर रजाई में लिपटी 35 वर्षीय महिला की लाश देखी। महिला का गला रेता हुआ था, जिसके बाद लोगों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी शव को पहचान नहीं सका। आसपास संघर्ष के भी कोई निशान नहीं मिले हैं। इस वजह से आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी दूसरी जगह पर हत्या करने के बाद शव लाकर यहां फेंका गया होगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पहचान के बाद ही हत्या की वजह और हत्यारे के बारे में जानकारी हो पाएगी। महिला नाइटी पहने हुई थी।