पुलिस जिसे एक साल से ढूंढ रही है वह शनिवार को खोराबार थाने से मुकदमा लिखवाकर एसओ के सामने से गुजर गया। घटना की जानकारी होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। एसओ आरोपी के बारे में जानकारी न होने का तर्क दे रहे हैंं। एसपी (सिटी)ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
खोराबार के रजहीं निवासी राजकुमार (21) अगस्त को बाइक से डीजल लेने गोबरहिया पेट्रोल पंप पर जा रहा था। जंगल में बदमाशों ने तमंचा सटाकर उसकी बाइक लूट ली। राजकुमार के शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसओ ने वारदात को फर्जी बताया। बाद में रजहीं गांव के पंकज, प्रदीप और देवेंद्र के खिलाफ पुलिस ने लूट और दलित उत्पीड़न का केस दर्ज किया।
अब इसी मामले में एसओ खोराबार जैसराज यादव ने शनिवार को अाराोपी पंकज के भाई राजाराम पासवान की तहरीर पर लूट के शिकार राजकुमार उसके साथी देवेंद्र और सुरेश पर मारपीट, दलित उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया। राजाराम 6 मार्च 2015 को रजही गांव में हुई घटना में हत्या के प्रयास, बलवा, सेवन सीएलए के दर्ज मुकदमे में वांछित है। आईजी के निर्देश पर कुशीनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने कई बार दबिश भी दी लेकिन वह मिला नहीं था। एसओ जैसराज यादव का कहना है कि राजाराम के वांटेड होने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। एसपी (सिटी) हेमराज मीणा ने बताया मामले की जांच कराई जा रही है।
आरोपी का चचेरा भाई है राजाराम
लूट के आरोपी पंकज का राजाराम चचेरा भाई है। मार्च 2015 को दर्ज मुकदमे की जांच कुशीनगर जिले की हाटा पुलिस कर रही है। मामले के विवेचक ने कुछ दिन पहले आरोपी राजाराम सहित अन्य की तलाश में गांव में दबिश दी। कुशीनगर से आई पुलिस टीम ने खोराबार थानेदार को हुकुम तहरीरी देकर राजाराम को अरेस्ट करने के लिए कहा था शनिवार को एसओ ने पंकज के चचेरे भाई को थाने में बुलाकर क्रास एफआईआर दर्ज कर लिया।