रायगंज में पटाखे के गोदाम में छापेमारी करती पुलिस।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
शहर के घनी आबादी के बीच बनाए गए पटाखा गोदामों पर रविवार को भी कार्रवाई की गई। राजघाट इलाके के रायगंज में क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने छापेमारी कर दो गोदामों से दो ट्रक पटाखे बरामद किए। एक गोदाम के बाहर सपा नेता का बोर्ड लगा था, जो पहले तो सरकार का धौंस दे रहा था, मगर बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
रविवार को पुलिस को रायगंज दक्षिणी में पटाखे के गोदाम की सूचना मिली, जिसके बाद स्वाट टीम के प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने राजघाट पुलिस के साथ वहां छापा मारा। गोदाम के बाहर एक सपा नेता के नाम का बोर्ड लगा था। पहले तो पुलिस को धौंस देकर अंदर जाने से रोकने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस पर इस कोई प्रभाव नहीं पड़ा वह मकान के अंदर घुस गई। मकान के दूसरे एवं तीसरे तल पर पटाखे का गोदाम बनाया गया था। कमरा और बरामदा पटाखों से भरा पड़ा था। इसमें तेज आवाज करने वाले पटाखे भी थे।
पुलिस के पहुंचते ही गोदाम मालिक समीउल्लाह फरार हो गया। पुलिस ने उसके बेटे अब्दुल खालिद उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया। यहां से पुलिस ने आधा ट्रक माल बरामद किया। पुलिस ने वहां से थोड़ी दूरी पर रायगंज दक्षिणी में ही रिजवान के गोदाम पर भी छापा मारा। यहां से करीब डेढ़ ट्रक पटाखे बरामद किए। अभियान के दौरान प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ कोतवाली, एसओ राजघाट आदि भी मौजूद थे।