पीपीगंज में शुक्रवार रात दो युवकों ने घर में घुसकर किशोरी से रेप की कोशिश की। शोर मचाने पर इकट्ठा हुए घर वालों ने आरोपियों को पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
शनिवार को पुलिस ने किशोरी की मौसी की तहरीर पर आरोपियों पर छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। जंगल कौड़िया प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में रहने वाली किशोरी शुक्रवार की रात कमरे में सो रही थी। गांव के रहने वाले मिरजू और अजय देर रात घर में घुस गए और किशोरी को कमरे में बंधक बनाकर रेप का प्रयास करने लगे।
किशोरी के शोर मचाने पर पहुंचे परिवार के लोगों ने दोनों युवक को पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे जंगल कौड़िया पुलिस चौकी के सिपाही आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचे। शनिवार की सुबह पीपीगंज थाने पहुंची किशोरी की मौसी ने तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर छेड़छाड़ का केस दर्ज किया।
एसओ पीपीगंज प्रभातोष श्रीवास्तव ने बताया कि कल आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।