गोरखनाथ के चक्सा हुसैन से बुधवार की रात लापता हुईं तीन बहनें बृहस्पतिवार को कानपुर में मिलीं। पूछताछ के बाद जीआरपी ने घरवालों को जानकारी देने के साथ ही उन्हें चाइल्ड लाइन भेज दिया। घरवालों की शिकायत पर अज्ञात पर अपहरण का केस दर्ज कर गोरखनाथ पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी।
चक्सा हुसैन निवासी असगर की पत्नी किरन बेटी सलोनी (9) के साथ बुधवार की रात भोजन बना रही थीं। छोटी बेटी सना (5) के परेशान करने पर वह उसे लेकर बाहर आ गईं। किरन ने सड़क पर टहल रहीं बहन रूबी की बेटी खूश्बू (12) के साथ दोनों बेटियों को टॉपी दिलाने के लिए दुकान पर भेज दिया। सलोनी और सना को लेकर खूश्बू रात आठ बजे मोहल्ले में स्थित दुकान जाने के लिए निकली, लेकिन देर रात तक लौटी नहीं। परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू करने के साथ ही पुलिस को जानकारी दी। परिचितों के साथ ही रिश्तेदारों के घर तीनों बहनों के न मिलने परिवार के लोग परेशान हो उठे।
बृहस्पतिवार की सुबह गोरखनाथ पुलिस ने असगर की तहरीर पर तीनों बहनों के अपहरण का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। एसओ ने तीनों बहनों के लापता हाेने की सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस की वेबसाइट पर डाल दी। बृहस्पतिवार की शाम चार बजे कानपुर जीआरपी से एसओ गोरखनाथ सदानंद सिंह के पास फोन आया। उन्हें बताया गया कि गोरखपुर से लापता तीनों लड़कियां कानपुर रेलवे स्टेशन पर मिली हैं। तीनों को चाइल्ड लाइन में रखा गया है। बच्चियों के परिवार के लोग देर शाम कानपुर रवाना हो गए।