राजपुर गांव में गन्ने की फसल में गोकसी कर रहे पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए खेत की घेराबंदी कर चार तस्करों को दबोच लिया। जबकि उनके दो साथ भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने मौके से एक गाय और दो बैल को मुक्त कराया है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे मुखबिर की सूचना पर सिंभावली पुलिस टीम आनन फानन में राजपुर गांव के जंगल में पहुंची। जहां गन्ने की फसल में गोकसी कर रहे गो तस्करों ने पुलिस को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए आसपास के खेतों की घेराबंदी कर चार आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि उनके दो साथी चकमा भाग गए। पुलिस ने मौके पर एक गाय, दो बैल और एक मवेशी के अवशेष समेत उन्हें काटने को लाए गए उपकरण भी बरामद किए हैं।
जीवित मिले गौशाला के संरक्षण में भेज दिया गया है। एसओ एनके शर्मा ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए पशु तस्कर महरबान, नफीस निवासी जलालपुर, बुलंदशहर और मुनफअत, जमालुद्दीन राजपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है,
जिनके दो साथी साजिद और सलीम निवासी राजपुर भागे हुए हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से तीन छुरी, कुल्हाड़ी, चाकू, तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। आरोपियों और उनके दो साथियों के खिलाफ गोकसी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
गोकसी करने वाले पशु तस्करों को भंडाफोड़ होने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई। इस पर भाजपाई आनन फानन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं महिला मोर्चा जिला प्रभारी मीना सिंह और युवा मोर्चा जिला महामंत्री दीपक भाटी के नेतृत्व में सिंभावली थाने पहुंचे।
यहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। भाजपाइयों ने भागे हुए दो आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर थाने के गेट पर बेमियादी धरने पर बैठने की चेतावनी दी। एसओ एनके शर्मा ने भाजपाइयों को जल्द दोनों आरोपियों की गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।