मानीराम में सोमवार की दोपहर बस से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। महिला को टक्कर मारने के बाद पेड़ से टकराकर बस के रुकने पर चालक भाग निकला। हादसे की जानकारी के बाद युवक के घरवालों ने मोहरीपुर में गोरखपुर - सोनौली मार्ग पर जाम कर दिया। एसपी (सिटी) ने 45 मिनट बाद लोगों को सड़क से हटाया। झंगहा के मोतीराम अड्डा में डीसीएम की चपेट में आए बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गंभीर रुप से घायल उनका साथी जिला अस्पताल में भर्ती है। सूरत जाने के लिए तीनों युवक घर से एक बाइक पर निकले थे।
चिलुआताल प्रतिनिधि के अनुसार मोहरीपुर के रहने वाले शंकर विश्वकर्मा सोमवार की दोपहर दो बजे बेटे बजरंगी (25) के साथ बाइक से मानीराम जा रहे थे। पावित्रा डिग्री कॉलेज के पास सामने से आ रही बस ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे बजरंगी के शरीर पर बस का पहिया चढ़ने से मौके पर ही मौत हो गई। सड़क किनारे गिरे शंकर मामूली रुप से घायल हुए। अनियंत्रित बस पैदल बैंक जा रही मानीराम निवासी पार्वती देवी (65) को टक्कर मार पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद बस छोड़कर चालक भाग निकला।
पार्वती को उसके घरवालों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हादसे की जानकरी के बाद दोपहर तीन बजे मोहरीपुर के लोगों ने बस चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करते हुए गोरखपुर - सोनौली मार्ग जाम कर दिया। फोर्स के साथ पहुंचे एसपी (सिटी) हेमंत कुटियाल ने कार्रवाई का भरोसा देकर 45 मिनट बाद हटाया। चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार मिर्जवा गांव के रहने वाले धीरज मौर्य (18), कुंदन जायसवाल (20) सूरत की कपड़ा फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार को अवध एक्सप्रेस से दोनों को सूरत जाना था। सुबह 11:30 बजे गांव का गुड्डू मौर्य (20) बाइक से दोनों को रेलवे स्टेशन छोड़ने आ रहा था।
गोरखपुर - देवरिया मार्ग पर मोतीराम अड्डा पावर हाउस के सामने ओवरटेक करते समय कार ने बाइक में टक्कर मार दी। अनियंत्रित बाइक लेकर सड़क पर गिरे युवक पीछे से आ रही डीसीएम की चपेट में आ गए। धीरज और गुड्डू की मौके पर ही मौत हो गई। कुंदन हादसे में गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार लेकर चालक भाग निकला। डीसीएम के साथ ही चालक को पकड़कर ग्रामीणों ने झंगहा पुलिस को सुपुर्द कर दिया। कुंदन की स्थिति मेडिकल कॉलेज में गंभीर है।
एक माह पहले हुई थी धीरज के पिता की मौत
डीसीएम से कुचलकर मरे धीरज के पिता प्रहलाद की एक माह पहले बीमारी से मौत हो गई थी। परिवार में उसके अलावा चार बहनें और मां है। घटना की जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में मरा उसका दूसरा साथी गुड्डू तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था।