गोरखपुर। फोरलेन पर बृहस्पतिवार की दोपहर गोरखपुर से कुशीनगर जा रही बेकाबू जीप ने जगदीशपुर कस्बे में रेलिंग तोड़ते हुए ठेला चालक को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक, एक महिला और एक किशोरी घायल हो गई। जीप सड़क किनारे स्थित ब्यूटी पार्लर और ज्वेलरी की दुकान से टकराने के बाद पलट गई। गंभीर हाल में जीप चालक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जगदीशपुर प्रतिनिधि के अनुसार बृहस्पतिवार की दोपहर 2:30 बजे के करीब फोरलेन पर गोरखपुर से कुशीनगर की तरफ जा रही जीप (सफारी) जगदीशपुर कस्बे में अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़कर सर्विस लेन में जा पहुंची। उसने कस्बे की तरफ ठेले पर सब्जी लेकर आ रहे जगदीशपुर निवासी तूफानी गौड़ (50) को रौंद दिया।
इसके बाद जीप सड़क किनारे स्थित ब्यूटी पार्लर और उससे सटी ज्वेलर्स की दुकान से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में ब्यूटी पार्लर में बैठी कस्बा निवासी कविता (20), बिंदू देवी (45) के अलावा जीप चालक कौड़ीराम धस्का निवासी अंकित राय (25) घायल हो गए। पुलिस ने जीप कब्जे में लेने के साथ ही गंभीर रूप से घायल चालक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जबकि महिला और किशोरी को प्राथमिक उपचार के बाद घर छुट्टी दे दी गई।