माड़ापार में व्यापारी के खाली प्लाट पर शुक्रवार की सुबह सपा के जिला पंचायत सदस्य ने भाई और सहयोगियों के साथ कब्जे की कोशिश की। बाउंड्री तोड़े जाने की जानकारी मिलने पर समर्थकों के साथ व्यापारी पहुंचे तो उलझ गए। फोर्स के साथ पहुंचे एसओ खोराबार के पहुंचने पर सपा नेता मौके पर गाड़ी छोड़ समर्थकों के साथ फरार हो गए। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार देवरिया, बरहज के रहने वाले व्यापारी राजू जायसवाल ने माड़ापार में 171 डिस्मिल जमीन ली है। बाउंड्री बनाकर इसे खाली छोड़ रखा है। सपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह उनके भाई कुंवर प्रताप सिंह इसमें आधी जमीन अपना होने का दावा करते हैं।
शुक्रवार की सुबह जितेंद्र प्रताप सिंह, भाई कुंवर प्रताप, भतीजे विजय सिंह, सहयोगी आलोक शुक्ला और 12 अन्य लोगों के साथ राजू की बाउंड्री तोड़कर इस पर निर्माण कराने लगे। जानकारी होने पर सुबह 10 बजे सहयोगियों के साथ राजू काम रोकने पहुंचे तो विवाद कर लिया। उन्होंने घटना की जानकारी अधिकारियों के साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम को दी। फोर्स के साथ पहुंचे एसओ खोराबार जैसराज यादव ने निर्माण कार्य रोकने के साथ ही मौके पर मिली सपा नेता की जीप (स्कार्पियों) कब्जे में ले लिया। पुलिस की सख्ती देख जितेंद्र और कुंवर प्रताप समर्थकों के साथ भाग निकले।
एसओ खोराबार जैसराज यादव ने बताया कि राजू की तहरीर पर जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह उनके भाई कुंवर प्रताप सिंह, भतीजे विजय, सहयोगी आलोक शुक्ला और 12 अज्ञात लोगों पर बलवा, तोड़फोड़, धमकी देने केस दर्ज किया है। मौके पर मिली जीप को सीज कर दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले भी की थी कब्जे की कोशिश
जितेंद्र सिंह ने ढाई महीने पहले भी जमीन पर कब्जे का प्रयास किया था। व्यापारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काम रोकवाने के साथ ही व्यापारी की तहरीर पर तीन नामजद और अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया था।
स्कूल के संचालक है राजू
व्यापारी राजू जायसवाल रामनगर कड़जहां में स्थित जीडीजीपीएस स्कूल के संचालक है। सिनेमा रोड पर राजश्री प्रोडक्शन के नाम से उनका फर्म भी है। राजू जायसवाल ने बताया की सपा नेता जबरन उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। चार साल पहले उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री कराई थी।