छेड़खानी का विरोध करने पर एक युवती को मनबढ़ों ने घर में घुसकर पीटा। युवक के साथ उसके घरवाले भी पहुंचे थे और बीच बचाव करने पर पीड़ित युवती के बहन को भी पीटकर घायल कर दिया। दोनों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरूवा में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने बड़ी बहन की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
धुरियापार प्रतिनिधि के मुताबिक मंगलवार की शाम उरूवां थाना क्षेत्र के रामपुर सनाथ गांव निवासी एक युवती अपने घर के बाहर बैठी थी। तभी गांव का ही तौफिक ने उससे छेड़खानी कर दी। उसने विरोध किया तो वह अपने घर गया और पूरे घरवालों के साथ उसके घर पर धावा बोल दिया। उस वक्त युवती के पिता घर पर नहीं थे।
युवती को बुरी तरह से पिटना शुरू किया तो छोटी बहन बीच बचाव में आई तो उसे भी नहीं छोड़ा। दोनों बहनों को लहूलुहान कर मनबढ़ फरार हो गए। गांव के ही एक शख्स ने इसकी सूचना पीड़ित बहनों के पिता को दी। पिता ने बेटियों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया जहां बड़ी बहन की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष, उरूवां अमरजीत सिंह यादव ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।