एंटी रोमियो टीम के गठन के दूसरे ही दिन बुधवार को पूरे शहर में टीम ने शोहदों पर कार्रवाई की। महिलाएं, छात्राएं भयमुक्त होकर बाजार, कॉलेज आए जाएं इसके लिए पुलिस टीम सड़कों पर दौड़ने लगी है। खुद आईजी मोहित अग्रवाल शहर के एक स्कूल में पहुंचे और छात्राओं से बातचीत करके हालात जाने। बुधवार को एंटी रोमियो टीम की प्रभारी सीओ गोरखनाथ चारु निगम शहर के स्कूलों में गईं। इसके बाद चौराहों पर घूम रहे कुछ शोहदों को पकड़ा और शाम को चेतावनी देते हुए नाम पता नोट किया गया।
आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि जोन के हर जिले में एंटी रोमियो सेल का गठन किया गया है। इसमें महिला पुलिस को भी शामिल किया गया है। टीम महिलाओं, छात्राओं को छेड़ने और कमेंट करने वाले शोहदों को पकड़ेंगी। कोई भी शोहदा किसी भी महिला, युवती को परेशान या उनके साथ अभद्रता करते हुए पकड़ा गया तो तत्काल टीम उसे हिरासत में लेगी। इसके बाद उसे थाने लाकर पुलिस उसकी काउंसलिंग करेगी, फिर उसके घरवालों को बुलाकर उसकी हरकत से वाकिफ कराया जाएगा। पकडे़ गए शोहदों का नाम पता बकायदा थाने के रजिस्टर में दर्ज होगा। यदि इसके बाद भी वह दोबारा किसी हरकत में पकड़ा जाता है तो फिर जेल भेज दिया जाएगा। आईजी ने कहा कि भयमुक्त होकर महिलाएं, छात्राएं अपने काम करें और पुलिस उनकी मदद में हर जगह मौजूद रहेगी।
स्कूल प्रबंधन, कोचिंग भी दें ध्यान
शोहदों पर हो रही कार्रवाई का निरीक्षण करने निकले आईजी मोहित अग्रवाल ने स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक की। इस दौरान उनसे सहयोग की अपील की। आईजी ने भरोसा दिलाया कि कोई भी सूचना हो तो पुलिस को गोपनीय तरीके से दें, पुलिस कार्रवाई करेगी। वहीं एक छात्रा ने सीनियर छात्राओं के बारे में भी टिप्पणी कर दी, जिस पर स्कूल प्रबंधन को ध्यान देने की नसीहत दी गई।
बदसलूकी नहीं, ठीक से करें बात
एंटी रोमियो टीम की भी आईजी मोहित अग्रवाल ने काउंसलिंग की। उन्होंने टीम को समझाया कि किसी के साथ भी बदसलूकी न करें। स्कूल, कॉलेज या कोचिंग इसके आसपास कोई छात्रा का जानने वाला भी हो सकता है। इससे सबसे ठीक से बात करें, ताकि पुलिस के खिलाफ खराब संदेश न जाए। लोगों को इस बात का एहसास हो कि पुलिस उनके सहयोग के लिए है, उनके अंदर डर की भावना न आने पाए।