पुलिस को लूट की जानकारी देतीं अल्पना।
- फोटो : Amar Ujala
कैंट थाने से चंद कदम की दूरी पर ही बाइक सवार लुटेरों ने महिला के गले से सोने की चेन लूट ली। महिला स्कूटी से बीमा के सिलसिले में एक शख्स से मिलकर लौट रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की पहचान की कोशिश कर रही है। कैंट पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाश पकड़ लिए जाएंगे।
कोतवाली थाना क्षेत्र के पुर्दिलपुर निवासी अल्पना श्रीवास्तव एक बीमा कंपनी में एक्जीक्यूटिव ऑफिसर हैं। राधिका कांप्लेक्स स्थित अपने बीमा कार्यालय से निकलकर वह स्कूटी से बिलंदपुर में एक बीमाधारी से मुलाकात करने गई थीं। वहां से वह अस्पताल जा रही थीं। इसी बीच रास्ते में एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर अल्पना को गिराने की कोशिश की। अल्पना ने स्कूटी तो संभाल ली लेकिन पीछे बैठे बदमाश ने गले पर झपट्टा माराकर सोने की चेन लूट ली। चेन खींचते वक्त अल्पना के गले पर चोट भी लग गई।
घटना की सूचना पाते ही कैंट इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी मौके पर पहुंच गए और अस्पताल ले जाकर उनका उपचार कराया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों को पहचानने की कोशिश कर रही है। अल्पना ने लुटेरों का हुलिया पुलिस को बताया है और सामने आने पर पहचान लेने का भी दावा किया है।