पैडलेगंज में रविवार की शाम कार सवार युवकों ने अधिवक्ता की पिटाई कर रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। छानबीन में युवक के घटना में शामिल न होने की पुष्टि पर उसे छोड़ दिया गया। गाड़ी नंबर के आधार पर पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
कोतवाली, जगरनाथपुर के रहने वाले पंकज शर्मा सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। रविवार की शाम छह बजे पैड़लेगंज में रहने वाले दोस्त धनंजय सिंह से मिलने आए थे। आरोप है कि चौराहे के पास खड़े होकर दोनाें आपस में बात कर रहे थे। इसी बीच दो गाड़ियों से पहुंचे सात लोगों ने सड़क किनारे जीप और कार रोक दी और पंकज को गाड़ी के पास से हटने को कहा, जिस पर कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवकों ने पिटाई करने के बाद उनके जेब में रखे दो हजार रुपये छीन लिए। घटना की सूचना अधिवक्ता ने फोन से एसएसपी को दी। हॉक दस्ते के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए। संदेह के आधार पर सिपाही रुस्तमपुर के रहने वाले एक युवक को हिरासत में लेकर थाने आए। शिनाख्त के बाद देर रात उसे छोड़ दिया।
अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने कार नंबर यूपी 53 सीबी 4444 और जीप नंबर यूपी 53 एजे 1989 से आए सात - आठ अज्ञात लोगों पर डकैती का केस दर्ज किया है। जीप बांसगांव के पूर्व चेयरमैन अंशुमान सिंह के नाम से बताई जा रही है। पैडलेगंज चौराहे पर उनका आवास है। कार किसी रामबेलास नाम के व्यक्ति की है। एसएसआई कैंट एसएन सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।