गोरखपुर। कैंपियरगंज में शनिवार की दोपहर गुड़ व्यापारी की पिटाई कर बदमाशों ने आठ हजार रुपये लूट लिए।
पीपीगंज बाजार से वह पिकअप लेकर मजदूर के साथ घर लौट रहे थे। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के अनुसार कुशीनगर, नेबुआ नौरंगिया के चकरी भूमिहारी पट्टी निवासी हृदेश गुड़ के व्यापारी हैं। शनिवार की सुबह गांव के शहाबु के साथ पिकअप से गुड़ लेकर पीपीगंज बाजार आए थे। दोपहर में एक बजे गुड़ बेचकर घर लौट रहे थे कि कैंपियरगंज के अलेनाबाद फार्म के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक करके रोक लिया।
एक्सीडेंट करके भागने का आरोप लगाते हुए हृदेश की पहले तो पिटाई की और फिर थाने चलने की बात कह पिकअप मोड़वाकर साथ ले जाने लगे। इसी दौरान असलहा तान हृदेश के पास रखे आठ हजार रुपये छीनकर कैंपियरगंज की तरफ फरार हो गए।
घटना की जानकारी फोन से उन्होंने अपने पिता रमाकांत के साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम को दी। दोपहर में थाने पहुंच पीड़ित ने तहरीर दी। गुड़ व्यापारी ने बताया कि बदमाश रामचौरा के पास से उनका पीछा कर रहे थे।
एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।