एयरपोर्ट से फर्टिलाइजर तक चला रिहर्सल
एयरपोर्ट से फर्टिलाइजर तक बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री के फ्लीट का रिहर्सल किया गया। इस दौरान मोहद्दीपुर में फ्लीट जाम फंस गई। पुलिसकर्मियों ने जाम में फंसे वाहनों को हटाकर किसी तरह से रास्ता दिया। गोरखनाथ मंदिर होते हुए अफसर रैली स्थल पहुंचे। एडीजी सुरक्षा, आईजी लॉ एंड आर्डर के साथ ही एसपीजी के अफसर उनके साथ रहे। अधिकारियों ने मंच पर जाकर भी व्यवस्था का जायजा लिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री गोरखपुर एयरपोर्ट पर आने के बाद सेना के हेलीकाप्टर से कार्यक्रम स्थल फर्टिलाइजर परिसर में पहुंचेंगे। मौसम खराब होने की स्थिति में वे कूड़ाघाट के रास्ते सड़क मार्ग से गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को जांचने के लिए अधिकारियों ने बृहस्पतिवार की सुबह 10:45 बजे एयरपोर्ट से फ्लीट गोरखनाथ मंदिर के लिए निकली। मोहद्दीपुर में पहुंचने पर गाड़ियां जाम में फंस गई। आनन - फानन में पुलिसकर्मियों ने गाड़ियों को हटाकर काफिले को रास्ता दिया। फ्लीट छात्रसंघ चौराहा, कार्मल रोड, पुलिस लाइन, यातायात तिराहा होते हुए धर्मशाला से होते हुए गोरखनाथ मंदिर पहुंचा। यहां से बरगदवां होते हुए फर्टिलाइजर पहुंचा। रिहर्सल के दौरान एसपीजी के अधिकारी, आईजी एलओ हरिराम शर्मा, आईजी मोहित अग्रवाल, डीआईजी शिवसागर सिंह और गोरखपुर बस्ती मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।
फ्लीट में थीं जैमर लगी तीन गाड़ियां
फ्लीट के रिहर्सल में पीएम के आगे पीछे एसपीजी की जैमर लगी तीन गाड़ियां मौजूद थीं। यह सभी दिल्ली से आई हैं और इन सभी में एसपीजी के जवान मौजूद रहे।
दिन भर गोरखनाथ में लगा रहा जाम
पब्लिक, फोर्स और नेताओं की भीड़ के कारण बृहस्पतिवार को पूरे दिन गोरखनाथ मंदिर रोड पर जाम लगा रहा। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक गोरखनाथ ओवरब्रिज से राजेंद्र नगर, बरगरदवां तक गाड़ियां रेंगती रहीं। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में लगे डीआईजी देवीपाटन रेंज जितेंद्र सिंह यातायात को ठीक करने में लगे। मंदिर की सुरक्षा - व्यवस्था का जायजा लेकर निकले डीएम भी आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे।