महिला की मौत के बाद लोगों से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में नगीना मार्ग स्थित चौधरीपुरम में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने महिला के आवास से एक पुलिसकर्मी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक महिला का मर्डर हुआ या उसने खुदकशी की यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। कमरे से बीयर की बोतल और सिगरेट की डिब्बी भी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी महिला काजल (38) अपने पति संदीप राणा की मौत के बाद से परिवार से अलग होकर नगीना मार्ग पर चौधरीपुरम में अपना मकान बनाकर रह रही थी। महिला के तीन बच्चे हैं। बृहस्पतिवार को महिला के देवर मीरतेंद्र सिंह ने महिला काजल का घर में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे में बेड पर पड़े महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक महिला के मुंह से झाग निकल रहा था। इससे लगता है कि महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हुई होगी। महिला ने जहर खाया या उसे दिया गया यह अभी जांच का विषय है। पुलिस ने काजल के कमरे से नूरपुर थाने में तैनात दीपक नाम के सिपाही को हिरासत में लिया है। उसके दो साथी वहां से भाग निकले। पुलिसकर्मी दीपक ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह अपने साथियों के साथ जमीन देखने आया था। महिला की मौत पर लगी भीड़ को देख वह भी वहां पहुंच गया था। उसका काजल से कोई वास्ता नहीं है। पुलिस के मुताबिक काजल के मकान पर कई लोगों का आना जाना था। पुलिस आने जाने वालों का पता लगाने में जुटी है। काजल अपनी प्रॉपर्टी बेचने में भी लगी थी। नशा करने की भी वह आदी थी। शहर कोतवाल राजवीर सिंह के मुताबिक महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के कारणों का पता चलेगा। पुलिस काजल की मौत के कारणों की जांच कर रही है।