पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना में दर्ज करवा दी
देवरिया की रहने वाली युवती ने शादी का झांसा देकर साथ रहने वाले युवक पर रेप का केस दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि शादी के लिए दबाव बनाने पर आरोपी ने पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया। मुकदमा दर्ज कर सिकरीगंज पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
देवरिया, कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती गोरखपुर में रहकर यहां की एक प्राइवेट कंपनी में काम करती है। सिकरीगंज के ढेबरा का रहने वाला युवक भी उसके साथ कंपनी में काम करता था। साथ काम करने के दौरान दोनों में नजदीकी बढ़ गई। शहर में ही किराए पर कमरा लेकर एक साल से वह साथ रहते थे। युवक और युवती यहां पति-पत्नी के तौर पर रहते थे इसकी जानकारी उनके घरवालों को भी थी।
युवती का आरोप है कि शादी करने का भरोसा देने पर वह साथ काम करने वाले युवक के साथ रहती थी। दबाव बनाने पर उसने किनारा कसना शुरू कर दिया और फिर मारपीट करने लगा। शिकायत पर खोराबार पुलिस ने पंचायत कराकर समझौता कराया था, लेकिन 15 दिन बाद दोबारा विवाद होने पर उसे घर से युवक ने निकाल दिया। पीड़ित ने पुलिस आफिस पहुंच मामले की शिकायत की थी। सीओ कैंट ने एसओ को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया था।