प्राइवेट स्कूलों में ड्रेस और स्टेशनरी को लेकर छापा मारा।
- फोटो : Amar Ujala
पब्लिक स्कूलों की मनमानी रोकने के उद्देश्य से वाणिज्य कर अधिकारियों की टीम ने बुधवार को शहर के छह स्कूलों में छापेमारी की। फर्म का रजिस्ट्रेशन कराए बगैर ही स्कूल कैंपस से कॉपी, किताब और ड्रेस बेचने का मामला भी पकड़ा गया। इसे लेकर अधिकारियों ने जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल करजहां, सर माउंट इंटरनेशनल स्कूल भगत चौराहा और सेंट्रल एकेडमी बुद्ध नगर के प्रबंधकों को नोटिस भी दिया है। किताब, कॉपी बेचने वाली फार्मों को भी नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
फीस, किताब, कॉपी और ड्रेस के नाम पर पब्लिक स्कूल की मनमानी की शिकायत लगातार की जा रही है। इसी का संज्ञान लेकर वाणिज्य कर के सहायक आयुक्त हेमंत राय और प्रमोद कुमार की टीम ने बुधवार को पब्लिक स्कूलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। सहायक आयुक्तों ने बताया कि जीडी गोयनका कैंपस से कॉपी, किताब और स्कूल यूनिफार्म की बिक्री कराई जा रही थी। कॉपी, किताब की बिक्री बालाजी फर्म और यूनिफार्म नोएडा की फर्म लॉयल यूनिफार्म की तरफ से कराई जा रही थी। जो फर्म कॉपी, किताब बेच रही थी, उसके मालिक रसीद तक नहीं दिखा सके। लॉयल यूनिफार्म की शाखा गोरखपुर में नहीं है।
सर माउंट इंटरनेशनल स्कूल में बुक डिपार्ट नामक फर्म को कॉपी, किताब और स्टेशनरी बेचने की अनुमति दी गई थी। फर्म की तरफ से खरीद, बिक्री का कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका। सेंट्रल एकेडमी बुद्ध नगर कैंपस में कॉपी, किताब और स्टेशनरी की बिक्री स्कूल प्रबंधन की तरफ से की जा रही थी, लेकिन खरीद-बिक्री की अनुमति नहीं ली गई थी। रजिस्ट्रेशन भी नहीं है। इन सबको नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद कर चोरी का मामला निकाला जाएगा।
अधिकारियों ने टीम ने सेंट जोसफ इंटरमीडिएट कॉलेज खोराबाद, अलमामैटर मानीराम और प्रीसा इंटरनेशनल मानीराम में भी छापेमारी की, लेकिन इन स्कूलों में कोई गड़बड़ी नहीं पकड़ी गई। छापेमारी के दौरान वाणिज्य कर अधिकारी योगेंद्र, सुधीर कुमार और विशाल गुप्ता भी मौजूद रहे।