बैंक रोड पर लखनऊ की महिला की चेन लूटने वाले बदमाशों को क्राइम ब्रांच ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से महिला का पर्स, जेवर, मोबाइल और बाइक मिली। पकड़े गए लुटेरे इंटरमीडिएट के छात्र हैं और ये लूट की दो अन्य घटनाओं में भी शामिल थे। कोतवाली क्षेत्र में रहने वाला इनका तीसरा साथी अभी फरार है।
मंगलवार को पुलिस लाइंस में यह घटना का खुलासा करते हुए एसपी (क्राइम) मानिक चंद सरोज ने बताया कि लखनऊ के हुसैनगंज निवासी मुकेश सिंह की पत्नी राखी 19 नवंबर की रात 9:30 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस से गोरखपुर पहुंची थीं। उनके साथ बेटे और तीन अन्य रिश्तेदार भी थे। रिक्शे से वह जुबिली कॉलेज के पास रहने वाली बहन प्रभा सिंह के घर जा रही थी। रात करीब 10:30 बजे बैंक रोड पर एडी गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने राखी का पर्स लूट लिया था।
पर्स में 11 हजार रुपये ,मोबाइल, कान की बाली और सोने की चेन थी। सीओ क्राइम अभय मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार की शाम गोकुल अतिथि भवन के पास कोतवाली जगन्नाथपुर निवासी चंदन चौहान और अंकित शर्मा को बाइक के साथ गिरफ्तार किया। तलाशी में इनके पास से राखी का लूटा गया मोबाइल, सोने की चेन, अंगूठी, झुमका और 2800 रुपये मिले।
पूछताछ में इन लोगों ने 18 मई 2015 को बेतियाहाता और पांच जुलाई 2015 को यूनिवर्सिटी के पास महिला से हुई लूट की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की। अंकित और चंदन इंटरमीडिएट के छात्र हैं। वारदात में शामिल इनके तीसरे साथी की तलाश चल रही है। एसपी (क्राइम) ने बताया कि अंकित मोबाइल लूट की घटना में पहले भी जेल जा चुका है।