चिलुआताल थाना क्षेत्र के फतेहपुर के पास कोचिंग जा रही छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बुधवार को मनचलों की बाइक से ठोकर खाकर वह घायल हो गई। हिम्मत जुटाकर मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी पहुंची छात्रा ने आपबीती सुनाई। पुलिस को दिए लिखित शिकायत में उसने आरोप लगाया है कि करीब एक महीने से पड़ोसी गांव के युवक उसे परेशान कर रहे हैं।
गुलरिहा इलाके की रहने वाली किशोरी इंटर की छात्रा है। वह रोजाना ही साइकिल से कोचिंग पढ़ने के लिए पास के फतेहपुर गांव की ओर जाती है। बुधवार शाम करीब पांच बजे वह घर से कोचिंग जा रही थी। जैसे ही वह फतेहपुर मोड़ से मुड़ी, पीछे से आए अपाची सवार दो युवकों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, जिससे वह नीचे गिर गई। इससे उसके हाथ में चोट लग गई।
घायल हालत में ही भागकर वह मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी पहुंची और पुलिस को जानकारी दी। चौकी के बाहर भी दोनों युवक पहुंच गए। उन्हें देख छात्रा ने दोनों को दौड़ा लिया, मगर वे भागने में सफल रहे। खबर पाकर घरवाले भी पुलिस चौकी पहुंच गए। पिता ने तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।