गोरखपुर। मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार करने वालों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश मिलते ही पुलिस छानबीन में जुट गई है। एसएसपी के निर्देश पर शहर और देहात क्षेत्र के सभी थानेदार, दरोगा और बीट सिपाही अपने-अपने हल्के में पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस को रैकेट में शामिल लोगों के मोबाइल नंबर भी मिले हैं।
विज्ञापन के जरिए लड़कियों को घर भेजकर मसाज कराने का दावा करने वाले लोगों की क्राइम ब्रांच भी तलाश कर रही है। सिद्धार्थनगर, शोहरतगढ़ के रहने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू की है। गिरोह से जुड़े लोगों ने पुलिस की पड़ताल शुरू होने के बाद अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए हैं, लेकिन नंबरों की जांच करने पर उनकी लोकेशन गोरखपुर और आसपास के क्षेत्र में मिली है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह में शामिल लोग गोरखपुर क्षेत्र से ही अपनी गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं।
कोट :
विज्ञापन में दिए गए नंबरों के आधार पर रैकेट में शामिल लोगों तक पहुंचने की कोशिश चल रही है। जिले के सभी थानेदारों से अपने-अपने क्षेत्र में चलने वाले मसाज पार्लर की जानकारी जुटाने को कहा गया है।
- अभय मिश्रा, सीओ क्राइम