गोरखपुर। यूनीवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में आए गृहमंत्री राजनाथ का सुरक्षा घेरा तोड़कर एक युवक डी के काफी करीब पहुंच गया। कहा जा रहा है कि उसकी कोशिश काला झंडा दिखाने की थी। मौके पर मुस्तैद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे जिस वक्त दीक्षांत समारोह में कुलपति प्रो. अशोक कुमार का स्वागत भाषण चल रहा था और मंच पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह बैठे थे कि इसी बीच पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ एक युवक डी के पास तक पहुंच गया। बताया गया कि वह यूनिवर्सिटी की दीवार लांघकर कैंपस में दाखिल हुआ था।
हिरासत में लेने के साथ पुलिस ने उसके बैग में मौजूद कागजात भी कब्जे में ले लिए। एक कागज पर लिखे फोन नंबर को मिलाने से उसके घर वालों से बात हुई तो पुलिस ने पूरा वाकया बताया।
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया युवक मऊ के सराय लखंसी क्षेत्र में हरदही निवासी रणजीत गुप्ता है। वह शहर के शाहपुर क्षेत्र में रहने वाले अपने मामा केदारनाथ गुप्ता के घर आया था।
बाद में थाने पहुंचे परिवार के लोगों ने युवक की मानसिक हालत ठीक न होने की बात पुलिस को बताई। पूछताछ के बाद देर शाम उसे छोड़ दिया गया। उसके मामा ने बताया कि दो दिन पहले गोलघर में अतिक्रमण हटाने के दौरान युवक ने पुलिस के अधिकारियों से भी बहस शुरू कर दी थी।
घर वालों का कहना है कि मेधावी छात्र होने के बाद भी वह आईआईटी में प्रवेश में कामयाब नहीं हो सका और वर्ष 2013 के बाद से उसकी मानसिक स्थिति असंतुलित हो गई। इलाज के लिए ही उसे शाहपुर में मामा के घर लाया गया है।