गाजियाबाद में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे देवेश पति तिवारी की मौत ने परिवार को झकझोर दिया है। मौत की खबर पाते ही घर में मातम छा गया। पूरे परिवार की शुक्रवार सुबह ही दिल्ली से वैष्णो देवी जाने की तैयारी थी। मगर सुबह ही देवेश की मौत की खबर आ गई। घर वालों के मुताबिक न तो वह आत्म हत्या कर सकता है और न ही किसी से दुश्मनी थी कि हत्या हो। मौत की वजह सीढ़ी से गिरना बताया जा रहा है।
गुलरिहा, बरगदहीं के मूल निवासी राकेश पति तिवारी एलआईसी अध्यक्ष क्लब के सदस्य हैं। राप्तीनगर फेज वन में आरोग्य मंदिर के पास आवास बनाकर वह परिवार के साथ रहते हैं। उनके दो बेटों में बड़ा रितेश रंजन पति तिवारी भी एलआइसी में एजेंट हैं, जबकि छोटा बेटा देवेश पति तिवारी गाजियाबाद के मुरादनगर स्थित कृष्णा इंस्टीट्यूट में इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष का छात्र था। घरवालों ने बताया कि पूरे परिवार को एक साथ शुक्रवार को वैष्णो देवी जाना था। राकेश पति तिवारी, पत्नी रंजना तिवारी और बड़े बेटे के साथ बृहस्पतिवार को वैशाली एक्सप्रेस से दिल्ली गए थे। देवेश को दिल्ली से ही ट्रेन पर सवार होना था।
पता चला है कि रात करीब 12 बजे तक घर वालों से उसकी मोबाइल पर बात हुई थी। रात करीब एक बजे घर वालों ने दोबारा उसे फोन किया तो संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन लोगों ने रूम पार्टनर के नंबर पर संपर्क किया तो पता चला कि वह कमरे में नहीं है। वह ढूंढते हुए बाहर निकला तो सीढ़ियों पर देवेश बेसुध पड़ा था। बाद में पता चला कि उसकी मौत हो गई है। छात्र की मौत की खबर घर पहुंचते ही करीबी रिश्तेदार और परिचित दिल्ली रवाना हो गए।