गोरखपुर। झंगहा इलाके में रविवार की शाम बकरी चराने गई किशोरी का अपहरण कर पड़ोसी गांव के तीन युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया। वे सोमवार की सुबह किशोरी को लहूलुहान हालत में घर के पास फेंककर फरार हो गए। किशोरी को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वारदात की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अपहरण कर बलात्कार करने और पाक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
झंगहा प्रतिनिधि के मुताबिक गांव की पंद्रह वर्षीय किशोरी बकरी चराने के लिए रविवार की शाम खेत की ओर गई थी। इसी दौरान पड़ोसी गांव चौरीचौरा के अवधपुर के बृजेश, सूरज और मनोज ने उसका अपहरण कर लिया। किशोरी के मुताबिक खेत में ही तीनों ने उसके साथ बलात्कार किया और सोमवार की सुबह घर के पास लाकर फेंक दिया। किसी तरह से घर पहुंची किशोरी ने परिवार वालों को आपबीती बताई। उन्होंने उसे अस्पताल में दाखिल कराने के साथ ही पुलिस को सूचना दी।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस को एसपी की नसीहत
गोरखपुर। सामूहिक बलात्कार की सूचना मिलने के बाद भी झंगहा और चौरीचौरा पुलिस आधे घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही, जबकि एसपी ग्रामीण ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज होकर उन्होंने दोनों थानों की पुलिस को गिरफ्तारी का आदेश दिया। इसके बाद जाकर मुकदमा दर्ज हुआ। दोनों थानों की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
किशोरी से सामूहिक बलात्कार के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी, एसपी ग्रामीण