गोरखनाथ इलाके में मां के साथ घूमने निकले मासूम की हादसे में मौत हो गई। ऑटो में फंसकर मासूम करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटता रहा, मगर चालक ने भागने के चक्कर में ऑटो नहीं रोका। मौजूद लोगों के दौड़ाने पर ऑटो रुका और गंभीर अवस्था में मासूम को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान मंगलवार देर रात बच्चे की मौत हो गई।
जाहिदाबाद के सतीश चौधरी का 4 वर्षीय बेटा नीरज मां बिंदु के साथ मंगलवार को बाजार में घूमने के लिए निकला था। घर लौटते वक्त दोनों पैदल ही आ रहे थे कि इस्लामिया स्कूल के पास एक ऑटो ने दोनों को टक्कर मार दी। बिंदु एक तरफ गिर गई मगर बच्चा ऑटो में ही फंस गया। मां चिल्लाई, मगर चालक ने भागने के चक्कर में ऑटो की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे बच्चा काफी दूर तक घिसटता रहा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौजूद लोगों ने दौड़ाकर कर ऑटो रुकवाई और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया और बच्चे को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया।