बेलीपार में रविवार की शाम स्कार्पियो सवार युवकों ने अधिवक्ता पर फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए वह कॉलेज प्रबंधक के घर में छिप गए। हमलावरों ने दरवाजे पर खड़ी उनकी बाइक तोड़ दी। गांववालों के जुटने पर आरोपी फरार हो गए। बेलीपार पुलिस ने कुसमौल गांव के रहने वाले दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना से नाराज अधिवक्ताओं ने सोमवार को आईजी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
महावीर छपरा के रहने वाले हरिवंश यादव सिविल कोर्ट में प्रेक्टिस करते हैं। रविवार की शाम वह बाइक से घर जा रहे थे। आरोप है कि ऊंचगांव के पास स्कार्पियो में बैठे कुसमौल के अंकित शाही ने अपने साथियों के साथ हरिवंश को घेर लिया। भागने की कोशिश करने पर पिस्टल से फायरिंग की लेकिन वह बाल- बाल बच गए। जान बचाने के लिए वह सेवई बाजार में स्थित डिग्री कॉलेज के प्रबंधक मिथिलेश यादव के घर में छिप गए।
आरोप है कि साथियों के साथ पहुंचे अंकित ने उनकी बाइक तोड़ दी। गांववालों के जुटने पर आरोपी फरार हो गए। बेलीपार पुलिस अंकित शाही और उसके अज्ञात साथियों पर तोड़फोड़, बलवा, हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर दबिश दे रही है। सोमवार को कार्रवाई की मांग को लेकर सिविल कोर्ट के अधिवक्ता आईजी मोहित अग्रवाल से मिले। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।