चौरीचौरा के मुंडेरा बाजार में रविवार की सुबह छह बाइक से आए 12 युवकों ने दुकानदार के घर में घुसकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दुकानदार के भाई-बहन घायल हो गए। तरकुलहा मेले में दुकान लगाने वाले पड़ोस के युवक से हमलावरों का तीन दिन पहले विवाद हुआ था। गलफहमी में हमलावरों ने उसके पट्टीदार के घर धावा बोल दिया। वारदात के बाद आरोपी भीड़ के सामने असलहा लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सभी की हालत खतरे से बाहर है।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार मुंडेरा बाजार वार्ड नंबर दो के आकाश जायसवाल की तरकुलहा मेले में किराने की दुकान है। तीन दिन पहले मेलेे में आए कुछ युवकों का खाने-पीने को लेकर आकाश से विवाद हो गया था। उस दौरान युवक धमकी देकर चले गए थे। रविवार की सुबह आकाश को ढूंढते हुए छह बाइक से 12 युवक उसके मोहल्ले में पहुंचे। सभी ने गमछे से मुंह बांधने के साथ ही हेलमेट लगा रखा था।
गलतफहमी में वह आकाश के पट्टीदार सुरेश के घर पहुंच गए। छह युवक पिस्टल लेकर बाइक के पास खड़े रहे। उनके अन्य साथी घर में घुस गए। सुरेश के घरवालों की पिटाई करने के साथ ही करीब 18 राउंड फायरिंग कर उन्होंने दहशत फैला दी। पिस्टल के बट से किए गए हमले में सुरेश का बेटा अर्जुन (25) और पीठ में गोली लगने से उनकी बहन शालिनी (22) घायल हो गईं। घटना के बाद से कस्बे में सनसनी फैल गई।
मौके पर पहुंची चौरीचौरा पुलिस ने घायल भाई-बहन को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई। मौके पर पहुंचे सीओ चौरीचौरा राजेश भारती ने पीड़ित परिवार से घटना के बारे में जानकारी ली। सीओ ने बताया कि हमलावराें को चिह्नित किया जा रहा है। मुकदमा दर्ज कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।