बांसगांव के धस्की गांव में रविवार को बिजली काटने के आरोप में मनबढ़ों ने पिता-पुत्र सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रधान को भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया। गंभीर हाल में गांव वालों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाकर पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद से आरोपी गांव छोड़कर फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
कौड़ीराम, बांसगांव प्रतिनिधि के अनुसार धस्की गांव में तारों में कुछ गड़बड़ी के कारण 10 घरों में बिजली नहीं जा रही थी। गांव के हरिश्चंद्र गुप्ता के बेटे अमित ने शनिवार शाम चौराहे से प्राइवेट लाइनमैन को बुलाकर अपना कनेक्शन ठीक कराया। इसके कुछ देर बाद पूरे गांव की बिजली चली गई। जिनके घर लाइट आ रही थी, उनको यह बात नागवार लगी। रविवार सुबह हरिश्चंद्र अपने बेटे के साथ चौराहे पर जा रहे थे।
गांव के बजरंगी गुप्ता ने साथियों के साथ उन्हें रोक लिया और कनेक्शन काटने का आरोप लगाते हुए पिटाई शुरू कर दी। डंडे से हुए हमले में दोनों का सिर फट गया। शोर मचाने पर रास्ते से गुजर रहे ग्राम प्रधान राघवेंद्र यादव (38) बीच-बचाव करने पहुंच गए। आरोपियों ने उनपर भी चाकू से हमला कर दिया। आंख के पास जख्म होने पर वह अचेत होकर गिर पड़े। मौके पर जुटे ग्रामीणोें ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हरिश्चंद्र ने घटना के संबंध में तहरीर दी है।