गोरखपुर। गोला में सोमवार की दोपहर बस की चपेट में आए पूर्व प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए। पीएचसी से पीजीआई ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। गगहा में अनियंत्रित टेंपो पलटने से छह लोग घायल हो गए। बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में दो युवक घायल हो गए।
गोला प्रतिनिधि के अनुसार उरुवा थाना क्षेत्र के टड़वा श्रीराम गांव के सेतभान राय (58) गांव के पूर्व प्रधान थे। धुरियापार चीनी मिल के पास स्थित चिरकुटिया कुटी पर आयोजित यज्ञ समारोह में समिति के पदाधिकारी भी थे।
सोमवार की सुबह आठ बजे कलश यात्रा में शामिल होने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान गोला-गोपालपुर से केशवापार की ओर जा रही निजी बस की चपेट में आ गए। लोग उन्हें उरुवा पीएचसी ले गए, जहां से रेफर कर दिया गया।
लखनऊ ले जाते समय उनकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक और बस के खलासी को हिरासत में ले लिया है। गगहा, मझगांवा प्रतिनिधि के अनुसार डंड़वा चौराहे से टेंपो चालक आधा दर्जन लोगों को बैठाकर मझगांवा की तरफ जा रहा था।
उज्जरपार चौराहे के पास टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नर्रे गांव के गुड्डू की पत्नी पूनम, विमला, नरहरपुर के बृजनाथ की पत्नी शकुंतला, गुलाबी, हाटा की फूलमति समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
इनमें फूलमती को जिला अस्पताल भेजा गया है। रावतपार पुलिया के पास दो बाइक में आमने-सामने भिड़ंत में एकला निवासी मुबारक और पीछे बैठा ताहिर घायल हो गए। दूसरा बाइक सवार फरार हो गया।