रेलवे स्टेशन के पास सुबह शाहजहांपुर के गांव लोहरगवां के एक युवक को तीन लोगों ने पंचायत चुनाव संबंधी रंजिश को लेकर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए। युवक ने पुलिस को दी तहरीर में हमलावरों द्वारा सोने की चेन और पांच हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया गया है।
जिला शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र के गांव लोहरगवां निवासी साहिल अंसारी ने बताया कि वह सोमवार को सुबह लगभग 10 बजे अपने भाई निजामुद्दीन को बाइक से रेलवे स्टेशन पर छोड़ने आया था। पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने रेलवे स्टेशन के पास उसे घेर लिया और उसकी डंडों से पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने साहिल को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और उसके कपड़े फाड़ डाले। अपने भाई को पिटता देखकर निजामुद्दीन वहां से भाग गया। करीब 10 मिनट तक फिल्मी स्टाइल में हमलावरों द्वारा की गई मारपीट को देखने मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन हमलावरों के उग्र रूप को देखते हुए किसी की बीच बचाव करने की हिम्मत नहीं पड़ी। साहिल ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी, जिसमें गांव लोहरगवां के ही तीन लोगों को नामजद किया गया है। तहरीर में हमलावरों पर गले में पहनी सोने की 20 हजार रुपये की सोने की चेन और पांच हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया गया है। तहरीर में घटना का कारण चुनावी रंजिश बताया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। नगर पुलिस चौकी प्रभारी रामनाथ यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।