कैंपियरगंज थाने से थोड़ी दूर हाइवे पर सोनौली से लखनऊ जा रही रोडवेज की बस कोहरे की वजह से गड्ढे में पलट गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में अन्य यात्री बाल बाल बच गए। उन्हें मामूली चोटें आई है। सूचना पाकर अभी पुलिस पहुंचती थी कि उसके पहले ही यात्री दूसरी बसों में सवार होकर निकल गए। घायल होने की आशंका पर कुछ पुलिस वाले अस्पताल तक भी गए थे मगर अस्पताल में कोई भी बस हादसे का घायल नहीं मिला है।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक गोरखपुर सोनौली मार्ग का चौड़ीकरण का काम इन दिनों चल रहा है। सड़क किनारे गड्ढे खोदे गए हैं, मगर कार्यदायी संस्था की ओर से ऐसा कोई भी रिफलेक्टर आदि नहीं लगाया गया है जिससे आने जाने वाले को इनका अंदाजा लग सके। बुधवार को सोनौली से लौट रही बस कोहरे की वजह से इसी गड्ढे में पलट गई। तकरीबन चार फीट के गड्ढे में बस के पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान लखनऊ के आलमबाग निवासी हरेंद्र सिंह के रूप में हुई। वहीं अन्य यात्री दूसरी बस से रवाना हो गए।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और कुछ फंसे लोगों को बाहर निकाला। किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई थी। वहीं एक यात्री ने यह बता दिया कि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल थे और वह किसी की मदद से अस्पताल चले गए हैं। इस सूचना पर कुछ पुलिस वाले अस्पताल में भी गए मगर आसपास के अस्पतालों में कोई भी यात्री भर्ती नहीं मिला है। बस कंडेक्टर का भी पता नहीं चल सका है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है। पुलिस की माने तो हादसे के बाद उसने दूसरे बस से संपर्क किया होगा और यात्रियों को साथ लेकर गया होगा।